Friday, 14 June 2013

आमिर खान की मनपसंद रसमलाई

आमिर खान की मनपसंद रसमलाई
सामग्री :
250 ग्राम छेना, 2 टे.स्पून मैदा, 1 चुटकी बेकिंग पाउडर, 750 ग्राम शक्कर, 500 ग्राम रबड़ी, 2 टी स्पून पिस्ता।
कितने लोगों के लिए : 6
विधि :
कुल चीनी में से 150 ग्राम चीनी को अलग निकालकर उसका पाउडर बना लें। छेने को अच्छी तरह गूंध लें। मैदे को छानकर बेकिंग पाउडर के साथ अच्छी तरह मिलाएं। छेने को मैदे के साथ दोबारा गूंध लें। इसके छोटे-छोटे टिक्के बनाकर बीच से दबाएं ताकि आकार थोड़ा चपटा हो जाए।
एक चम्मच मैदे को एक कटोरी पानी में इस तरह घोलें कि घोल एकसार हो जाए। रबड़ी में चीनी का पाउडर मिलाकर फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें। इसके बाद बची हुई चीनी को आधा लीटर पानी में उबालें। अब इसी चाशनी में पहले से तैयार किया गया मैदे का घोल मिला दें। चाशनी जब उबलने लगे तब उसमें छेने के टिक्के डालकर पकाएं। इस बीच आंच तेज कर दें। चाशनी ज्यादा गाढ़ी न हो इसलिए उसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालती रहें। अगर छेने के टिक्कों में छोटे-छोटे छेद नजर आने लगें तो समझें कि टिक्के तैयार है।
अब एक अन्य बर्तन में लगभग 1 लीटर पानी लें, इसी में चाशनी समेत सारे टिक्कों को डाल दें और ठंडा होने दें। रबड़ी को फ्रिज से निकालें। टिक्कों को हलके हाथों से निचोड़कर एक-एक करके रबड़ी में डालें। इस बात का ध्यान रखें कि टिक्के टूटने न पाएं।
अब इसे दोबारा फ्रिज में रखकर ठंडा करें और ऊपर से पिस्ता बारीक-बारीक काटकर छिड़क दें। चाहें तो चांदी का वर्क भी लगा सकती हैं। बस, तैयार हो गई स्वादिष्ट रसमलाई।

बेकवैल टार्ट

बेकवैल टार्ट
सामग्री :
बेस बनाने के लिए:
200 ग्राम मैदा, 500 ग्राम चीनी, 1 टी स्पून नमक, 130 ग्राम बिना नमक का मक्खन, 1 अंडा (अंडे का पीला भाग)।
भरावन के लिए:
150 ग्राम बादाम का चूरा, 150 ग्राम कैस्टर शुगर, 150 ग्राम बिना नमक का मक्खन, 3 अंडे, 200 ग्राम स्ट्राबेरी जैम, 30 ग्राम बादाम की बारीक फ्लैक्स, 8 इंच का अथवा आवश्यकतानुसार मोल्ड।
कितने लोगों के लिए : 4
विधि :
बेस की सारी सामग्री को अच्छी तरह मिलाएं और 20 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें। इस बीच भरावन तैयार कर लें। इसके लिए मक्खन व चीनी अच्छी तरह मिक्स करें। उसमें अंडे भी मिलाएं। इसमें बादाम का पाउडर हल्के हाथ से मिला दें।
अब बेस को फ्रिज में से निकाल कर रोलिंग पिन (बेलन) से रोल कर दें। अब एक 8 इंच के गोल मोल्ड में बेस को लगाएं। फिर उसमें जैम की लेयर लगाएं। आखिर में भरावन के मिश्रण को उस पर डाल दें और ओवन में 140 डिग्री तापमान पर एक घंटे के लिए बेक करें। ठंडा होने पर परोसें।

शाहरुख की पसंद तंदूरी चिकन

शाहरुख की पसंद तंदूरी चिकन
सामग्री :
2 मध्यम आकार के चिकन, नमक स्वादानुसार, 3 टे.स्पून ताजा नींबू का रस, लालमिर्च पाउडर आवश्यकतानुसार, 100 ग्राम मक्खन।
पेस्ट के लिये:
100 ग्राम दही, 100 ग्राम क्रीम, 20 ग्राम अदरक का पेस्ट, 20 ग्राम लहसुन का पेस्ट, 1 टी स्पून जीरा पाउडर, आधा टी स्पून गरम मसाला, थोड़ा सा केसर।
कितने लोगों के लिए : 4
विधि :
चिकन को साफ पानी से धो लें। एक बड़े प्याले में दही फेंट लें। पेस्ट के लिए रखी सारी सामग्री को इसमें मिलाकर एकसार कर लें। चिकन के दोनों टुकड़ों पर दो-दो इंच की दूरी पर चाकू से चीरा लगा दें और अंदर-बाहर चारों तरफ पेस्ट लगाएं। उसके बाद 4-5 घंटे के लिए अलग रख दें। अब चिकन को एक छड़ में पिरोएं। ध्यान रहे दोनों टुकड़े एक-दूसरे से 1-2 इंच की दूरी पर हों। ओवन को 350 डिग्री फारेनहाइट पर गर्म कर इसमें 8-10 मिनट तक चिकन को रोस्ट करें। चिकन को बाहर निकालकर उसके चारों तरफ मक्खन लगाएं और एक बार फिर 5 मिनट तक उसे ओवन में रोस्ट करें और गर्म-गर्म खाएं।

अक्षय कुमार की पसंद फ्रेंच सैंडविच

अक्षय कुमार की पसंद फ्रेंच सैंडविच
सामग्री :
1 बड़े आकार वाली डबलरोटी, 100 ग्राम चीज, 250 ग्राम खीरा (छोटे आकार का), 250 ग्राम टमाटर, धनिया पत्ती, टोमेटो सॉस अथवा टमाटर धनिया की चटनी।
टमाटर धनिया की चटनी के लिए:
2 बड़े आकार के टमाटर, हरा धनिया (एक छोटी गड्डी), लहसुन आवश्यकतानुसार, नमक स्वादानुसार।
कितने लोगों के लिए : 6
विधि :
चटनी के लिए:
टमाटर को हलकीआंच में भूनकर उसका छिलका उतार लें। धनिया पत्ती साफ करें। लहसुन को छील लें। ग्राइंडर में टमाटर, धनिया पत्ती व लहसुन डालकर पीस लें। अब इसमें नमक मिला दें।
फ्रेंच सैंडविच के लिए:
टमाटर, खीरे के स्लाइस काट लें। ब्रेड के एक स्लाइस पर टमाटर की चटनी का लेप लगाएं। इस पर टमाटर खीरे की फांक सजाएं। ऊपर से बारीक कटा धनिया छिड़क लें। इसके ऊपर डबलरोटी का दूसरा स्लाइस रखें। इस टुकड़े पर चीज के पतले-पतले फांक रखकर डबलरोटी का तीसरा स्लाइस रखें। अब इस पर या तो टोमैटो सॉस या टमाटर की तैयार चटनी का लेप लगाएं और 4 या 6 स्लाइस करके खायें और अब बताएं कि हमारा युनिक सैंडविच का स्वाद होटलों के सैंडविचों से अलग और निराला है कि नहीं।

चिली पनीर ड्राई

चिली पनीर ड्राई
सामग्री :
200 ग्राम पनीर, 1 प्याज, 1 शिमला मिर्च, 10 ग्राम अदरक (बारीक कतरा हुआ), 10 ग्राम लहसुन (बारीक कतरा हुआ), 1/2 टी स्पून अजीनोमोटो, 1/2 टी स्पून सफेद मिर्च पाउडर, 20 ग्राम अरारोट, 20 ग्राम मैदा, 1/2 टी स्पून सोया सॉस, 1/2 टी स्पून सिरका, 1/2 टी स्पून चिली सॉस, नमक स्वादानुसार, 100 ग्राम तेल।
कितने लोगों के लिए : 4
विधि :
सबसे पहले पनीर के लंबे-लंबे आठ पीस काट लें। शिमला मिर्च, प्याज के चौकोर टुकड़े कर लें। अरारोट और मैदा का घोल बनाएं। पनीर को घोल में लपेटकर फ्राई कर लें। इसके बाद एक कड़ाही में तेल गरम करके अदरक-लहसुन और प्याज भून लें। शिमला मिर्च भी डाल दें और थोड़ी देर भून लें।
फिर पनीर, नमक, सोया सॉस, चिली सॉस, सिरका, अजीनोमोटो व सफेद मिर्च पाउडर डालें। थोड़ा-सा अरारोट घोल भी डालें। इस दौरान फ्राइंग पैन को हिलाती भी रहें। जब मिश्रण एकदम ड्राई हो जाए, तो आंच से उतार लें और गरमागरम परोसें।

Tuesday, 11 June 2013


पनीर मंचूरियन

Add caption
पनीर मंचूरियन
विधि :
पनीर को तिकोने टुकड़ों में काट लें। पनीर के टुकड़ों पर नमक, 2 टी स्पून अदरक-लहसुन का पेस्ट लगाकर 10 मिनट के लिए रख दें। एक बाउल में मक्की का आटा, मैदा, अंडे की सफेदी, अदरक-लहसुन का पेस्ट, नमक और पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार कर लें।
पनीर के टुकड़ों को इस घोल में डुबोकर गर्म तेल में तले। एक दूसरे पैन में थोड़ा तेल गर्म करके उसमें बारीक कटा हुआ लहसुन फ्राई करें इसके साथ ही हरा धनिया, हरी मिर्च भी डाल दें। अब सोया सॉस, स्प्रिंग ऑनियन, फ्राइड पनीर और और 2 कप पानी डालकर धीमी आंच पर पकने दें।
अब आधा कप पानी में 3 टी स्पून मैदा डालकर घोल लें, इस मिश्रण को भी पकते हुए पनीर में डाल दें जब घोल गाढ़ा होने लगे तो इसमें नमक, अजीनोमोटो, हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिलाये, गर्मागर्म पनीर मंचूरियन सादे चावल के साथ सर्व करें।
सामग्री :
200 ग्राम पनीर, आधा कप मक्की का आटा, आधा कप मैदा, 3 टी स्पून अंडे की सफेदी, चौथाई टी स्पून अजीनोमोटो, 5-6 लहसुन की कलियां, 6 हरी मिर्च, 3-4 टी स्पून अदरक लहसनु पेस्ट, 3 टी स्पून सोया सॉस, थोड़ा सा हरा धनिया, 2 स्प्रिंग ऑनियन (बारीक कटी), तेल आवश्यकतानुसार, नमक स्वादानुसार।
कितने लोगों के लिए 4

स्ट्राबेरी आइसक्रीम

स्ट्राबेरी आइसक्रीम
सामग्री :
दो तिहाई स्ट्राबेरी प्यूरी, एक कप फुल क्रीम दूध, दो चम्मच मकई का आटा, दो तिहाई कप ताजा क्रीम, एक चौथाई कप पिसी चीनी
कितने लोगों के लिए : 2
विधि :
एक कप ठंडे पानी में दो चम्मच मकई के आटे को मिलाकर इसका मिश्रण तैयार कर अलग रखें।
वहीं दूसरी ओर एक पैन में दूध गर्म करें इसके हल्का गाढ़ा होने पर इसमें पानी में मिलाया गए मकई के मिश्रण को डालें व दो चम्मच सूखा मकई का आटा और चीनी मिलाकर पकाएं। चार-पांच मिनट इसे आंच में पकाने के बाद इसे नीचे उतार लें और ठंडा होने दें।
मिश्रण के पूरी तरह से ठंडे होने के बाद इसमें फेंटी हुई क्रीम और स्ट्राबेरी प्यूरी मिलाए। सभी को अच्छी तरह से मिक्स कर लें। इसके बाद इस मिश्रण को फ्रिज में रख कर ठंडा करें। मिश्रण के टाइट होने के बाद इसे निकालकर मिक्सर में ग्राइंड करें और फिर दोबारा फ्रिज में जमने के लिए दो-तीन घंटे रख दें। सर्व करते वक्त इसे स्ट्राबेरी के फांकों के साथ सजाए।